मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को नैनीताल में भाजपा प्रत्याशी सविता आर्य के चुनाव प्रचार में पहुंचे। मल्लीताल स्थित राम सेवक सभा स्थल पर जनसभा को को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यशपाल आर्य व संजीव आर्य ने पीएम नरेंद्र मोदी को धोखा दिया है।
एमपी के सीएम चौहान ने कहा कि जनता याद करे जब यशपाल और संजीव भाजपा के दर पर आए थे और गुहार लगा रहे थे कि उन्हें हरीश रावत से बचा लिया जाए। भाजपा ने सम्मान करते हुए पिता-पुत्र दोनों को टिकट दिया। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें जिताने के लिए पूरा जोर लगाया। पांच साल तक यशपाल आर्य को मंत्री पद दिया।
पर आखिरी समय में उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और पीएम मोदी को धोखा दिया और वापस हरीश रावत के चरणों में बैठ गए। उन्होंने कांग्रेस की नीतियों पर भी प्रहार करते हुए कहा कि राहुल गांधी हर महिला को पांच हजार रुपये देने की बात कह रहे हैं, पर वह इस योजना को पंजाब, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में लागू नहीं करवा पा रहे हैं। इससे साफ होता है कि उनकी बातें पूरी तरह झूठी हैं।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस वंशवाद की बेल लेकर चल रही है। संजीव व यशपाल भी इसी बेल का हिस्सा हैं। जबकि भाजपा में चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री, सैनिक और किसान का बेटा मुख्यमंत्री बन जाता है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि उत्तराखंड का विकास भाजपा ही कर सकती है, इसलिए भाजपा को जिताकर उत्तराखंड के विकास की गति को और तेज कराएं।
भाजपा प्रत्याशी सरिता आर्य ने कहा कि कांग्रेस ने लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा दिया, पर इस नारे को भाजपा ने सच साबित करते हुए महिलाओं को टिकट दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा को हर इलाके में जबरदस्त समर्थन मिल रहा है, जिससे साफ होता है कि इस बार फिर भाजपा सत्ता पर काबिज होगी। इस दौरान विवेक शाह, मंडल अध्यक्ष आनंद बिष्ट, रीना मेहरा, अंबा आर्य, प्रकाश आर्य, हरीश भट्ट, मनोज जोशी, मोहित रौतेला आदि उपस्थित रहे।
