देहरादून: उत्तराखंड की धामी सरकार ने कई कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिकों और वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपकर बड़ी सौगात दी है. मंत्रिपरिषद अनुभाग की ओर से जारी आदेशों के तहत विभिन्न परिषदों और आयोगों में छह व्यक्तियों को प्रमुख पदों पर नामित किया गया है. इन नियुक्तियों से जहां पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है, वहीं सरकार ने यह भी संदेश दिया है कि संगठन के प्रति निष्ठावान लोगों को उचित सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी.
धामी सरकार ने बांटे दायित्व: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार लागातार संगठन के कार्यकर्ताओं और निष्ठावान नेताओं को दायित्व देने की दिशा में काम कर रही है. इसी कड़ी में जो नियुक्तियां की गई हैं, वे ना केवल संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि राजनीतिक रूप से भी इनका गहरा संदेश है. खासतौर पर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल को और जोत सिंह बिष्ट को दायित्व सौंपकर सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि दल में आने वाले वरिष्ठ नेताओं को उचित महत्व और स्थान दिया जाएगा.
कांग्रेस से भाजपा में आए दिनेश अग्रवाल को बड़ी जिम्मेदारी: सबसे चर्चित नियुक्ति पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल की है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे दिनेश अग्रवाल ने काफी समय पूर्व में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी और लगातार उनके समर्थकों में इस बात कि जिज्ञासा थी की धामी सरकार उन्हें कहां एडजेस्ट करेगी. उनके भाजपा में आने को राज्य की राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम के रूप में देखा गया था. अब धामी सरकार ने उन्हें सेतु आयोग में सलाहकार पद पर नामित कर उनके अनुभव और वरिष्ठता का सम्मान किया है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह नियुक्ति भाजपा में आने वाले नेताओं को एक सकारात्मक संदेश देती है और “सबका साथ, सबका विकास” की नीति को भी मजबूत करती है.
जोत सिंह बिष्ट बने ग्रामीण अभियंत्रण सेवा परिषद में उपाध्यक्ष: टिहरी जिले की धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े जोत सिंह बिष्ट को भी सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. उन्हें ग्रामीण अभियंत्रण सेवा परिषद में उपाध्यक्ष पद पर नामित किया गया है. पहाड़ी क्षेत्र के विकास, ग्रामीण अवसंरचना और सड़क निर्माण जैसे मुद्दों पर उनकी गहरी समझ और कार्यकर्ताओं में सक्रिय भूमिका को देखते हुए यह नियुक्ति बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है. धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में इस नियुक्ति को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.
