देहरादून: सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से दिल्ली और देहरादून के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. जल्द ही पिथौरागढ़ की उड़ान सेवा सप्ताह में तीन दिन से बढ़ाकर पांच दिन की जाने वाली है. फ्लाइट संचालन करने वाली एयरलाइन ने इसके लिए राज्य सरकार से अनुरोध किया था, जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंजूरी दे दी है. अब आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सप्ताह में पांच दिन नियमित उड़ान सेवा शुरू होने की उम्मीद है.
वर्तमान में पिथौरागढ़ से दिल्ली और देहरादून के लिए सप्ताह में तीन दिन उड़ान संचालित हो रही है. यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग और लगभग हर उड़ान के फुल रहने को देखते हुए उड़ानों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है. इससे सीमांत क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी, वहीं पर्यटन गतिविधियों को भी नया बल मिलेगा. दरअसल इससे पहले भी कुछ समय के लिए दिल्ली-पिथौरागढ़ हवाई सेवा को तीन दिन से बढ़ाकर पांच दिन किया गया था. हालांकि उस दौरान अतिरिक्त दो दिनों की उड़ानों का किराया सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रखा गया था.
अधिक किराये के कारण यात्रियों से अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिली और व्यवस्था लंबे समय तक जारी नहीं रह सकी. अब मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि नई व्यवस्था में किराये को भी अधिक व्यावहारिक रखा जाएगा, जिससे यात्रियों को वास्तविक लाभ मिल सके.उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (ACEO) संजय टोलिया ने बताया कि सप्ताह में पांच दिन उड़ान सेवा शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. उन्होंने कहा कि इस फैसले से पिथौरागढ़ आने-जाने वाले यात्रियों को दिल्ली और देहरादून से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. साथ ही सीमांत जिले के पर्यटन को भी इससे बड़ा फायदा होगा, क्योंकि पर्यटकों के लिए पहुंच पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगी.
