चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में बीती 16 जून को कर्णप्रयाग में हुए विवाद के बाद गिरफ्तार किए गए चारों निहंगों को आज 27 जून को गोपेश्वर जिला न्यायालय से जमानत मिल गई है. हालांकि, मामले की सुनवाई अभी भी कोर्ट में जारी रहेगी. कानूनी प्रक्रिया के तहत ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. चारों निहंग सिखों को जेल से छुड़वाने के लिए उत्तराखंड में निहंगों ने हंगामा कर रखा था.
पूरा मामला जानिए: दरअसल, बीती 16 जून को हेमकुंड साहिब के दर्शन कल निहंगों का एक दल बाइक से वापस जा रहा था. इसी दौरान बीच रास्ते में निहंगों को किसी बात पर कर्णप्रयाग बाजार में स्थानीय व्यापारियों से विवाद हो गया. कुछ ही देर में विवाद मारपीट तक पहुंच गया था. इस दौरान निहंगों ने तलवार से हमला कर कई स्थानीय लोगों को घायल भी किया था.
इस घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बदरीनाथ हाईवे भी जाम कर दिया था. उन्होंने निहंगों के गिरफ्तारी की मांग की थी. इसके बाद पुलिस ने चार निहंगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. तभी से विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. इस घटना के बाद से ही कर्णप्रयाग में तनाव का माहौल है. सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इस विवाद और हवा दी.
