खेल और खिलाड़ियों पर वैसे तो कई फिल्में बनी हैं, लेकिन अब कुश्ती पर भी एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म आ रही है। कुश्ती जैसे प्रतिष्ठित खेल और अपराध के जुड़ाव पर बनी इस फिल्म ‘दंगल्स ऑफ क्राइम’ (Dangals of Crime) में ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार की कहानी को दर्शाया गया है।
भारत के पहले एग्रीगेटेड रियल लाइफ स्ट्रीमिंग ऐप, डिस्कवरी+ ने एक इन्फॉर्मेटिव और इन्वेस्टिगेटिव सीरीज, ‘दंगल्स ऑफ क्राइम- द अनटोल्ड ट्रुथ अबाउट इंडियन रेसलिंग’ (Dangals of Crime – The Untold Truth About Indian Wrestling) लॉन्च की है। डिस्कवरी+ पर एक्सक्लूसिवली स्ट्रीम की जाने वाली यह डॉक्यूमेंट्री सीरीज दर्शकों और प्रशंसकों को न केवल भारत में ओलंपिक के खेल कुश्ती के उदय की यात्रा से अवगत कराएगी, बल्कि इस बात की गहराई से खोज करेगी कि कैसे इस खेल का अपराध के साथ संबंध जुड़ जाता है।
पूर्व पहलवानों और कोचों, प्रख्यात खेल पत्रकारों के साथ-साथ कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने अपने अनुभवों, अंतरदृष्टि और इस खेल से जुड़े स्मरणों के साथ इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दो-भाग वाली ‘दंगल्स ऑफ क्राइम’ सीरीज खेल, अपराध और इतिहास शैली के दर्शकों के लिए एक रोमांचकारी डॉक्यूमेंट्री सीरीज है।
ग्रीष्मकालीन ओलंपिक में भारत द्वारा अब तक जीते गए पदकों के मामले में सबसे सफल व्यक्तिगत खेल (सात पदक), कुश्ती की लोकप्रियता एक चरम पर पहुंच गई थी जब प्रतिष्ठित पहलवान सुशील कुमार और योगेश्वर दत्त दोनों ने मिलाकर लगातार दो ओलंपिक खेलों (बीजिंग 2008 और लंदन 2012) में तीन पदक जीते थे।
वाइस स्टूडियो प्रोडक्शन द्वारा निर्मित और पुरस्कार विजेता निर्देशक नियांथा शेखर द्वारा निर्देशित डॉक्यूमेंट्री ने पहलवानों की कामयाबी की यात्रा को दर्शाया है और एक सफल पहलवान बनने के पीछे अनेक जरूरी पहलुओं जैसे अखाड़ा संस्कृति, सख्त अनुशासन और अद्वितीय निष्ठा पर भी प्रकाश डाला है। इस डॉक्यूमेंट्री सीरीज ने दो बहुत ही महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की है, जो यह दर्शाता है कि कैसे एक तरफ कुश्ती के खेल ने भारत के लिए खेलों में सम्मान लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तो वहीं दूसरी ओर इस खेल से जुड़े कुछ ऐसे काले कारनामों की भी गवाह रही है, जो इस खेल की शानदार यात्रा एवं एथलीटों के गौरव पर प्रश्न चिन्ह लगाने का काम करते हैं।
डिस्कवरी, इंक की दक्षिण एशिया की प्रबंध निदेशक मेघा टाटा ने कहा कि सबसे सम्मोहक कहानियों लाने के हमारे ब्रांड वादे का पालन करते हुए हम इस नई दिलचस्प इन्वेस्टिगेटिव डॉक्यूमेंट्री सीरीज के प्रीमियर को लेकर काफी ज्यादा अपेक्षित हैं। ‘दंगल्स ऑफ क्राइम’, कुश्ती के क्षेत्र में गहराई से जानकारी प्रदान करती है, जो एक ऐसा खेल है जिसने भारत के कुछ महानतम घरेलू चैंपियनों का मंथन किया है।
खेल पर सबसे अधिक जानकारीपूर्ण तरीके से प्रकाश डालते हुए डिस्कवरी+ ऑरिजिनल्स एक पहलवान के बनने के सभी पहलुओं के साथ-साथ वर्तमान की वास्तविकताओं और अपराध का वर्णन करती है। निश्चित रूप से यह हमारे दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देगी। डॉक्यूमेंट्री न केवल डिस्कवरी+ पर लगातार बढ़ते कंटेंट के लिए मूल्य जोड़ती है, बल्कि विषय-क्षेत्र-संबंधी कंटेंट को हमारे प्लैटफॉर्म पर भी जोड़ती है। निश्चित रूप से इसे देखना मनोरंजक होगा।
