हार्दिक पांड्या, राशिद खान और शुभमन गिल आगामी आईपीएल सीजन के लिए अहमदाबाद फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनने के लिए तैयार हैं। ईएसपीएन क्रिकइन्फो के मुताबिक आईपीएल फ्रेंचाइजी अहमदाबाद ने हार्दिक पांड्या, राशिद खान और शुभमन गिल को आईपीएल 2022 की नीलामी से पहले अपने तीन खिलाड़ियों के रूप में चुन लिया है। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि अहमदाबाद ने हार्दिक और राशिद को 15-15 करोड़ रुपये में साइन किया है, जबकि शुभमन को 7 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
अहमदाबाद फ्रेंचाइजी ने अपने कोचिंग स्टाफ को भी अंतिम रूप दे दिया है। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज और मुख्य कोच गैरी कर्स्टन टीम कोचिंग स्टॉफ को लीड करेंगे। इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज विक्रम सोलंकी टीम के निदेशक होंगे।
आईपीएल ने तीन खिलाड़ियों को चुनने के लिए फ्रेंचाइजी के लिए 15 करोड़, 11 करोड़ और 7 करोड़ निर्धारित किए हैं। ESPNcricinfo के मुताबिक अहमदाबाद ने हार्दिक और राशिद दोनों को समान राशि 15 करोड़ का भुगतान करने का निर्णय लिया है। यह भी पता चला है कि हार्दिक के अहमदाबाद के कप्तान के रूप में कार्यभार संभालने की संभावना है, जो आईपीएल में ऑलराउंडर के लिए पहला अनुभव है। तीसरे खिलाड़ी शुभमन गिल हैं, जिनको 7 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा।
ऐसा पहली बार होगा कि जब हार्दिक और राशिद आईपीएल में एक ही फ्रेंचाइजी के लिए खेलेंगे, जो पहले क्रमशः मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 2015 में महज 10 लाख रुपये में अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में खरीदे जाने के बाद से हार्दिक ने अपने शानदार प्रदर्शन से आईपीएल में एक खास जगह बना ली है। 2018 तक, उन्होंने खुद को भारत में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के रूप में स्थापित कर लिया था और मुंबई ने उस वर्ष की नीलामी में उन्हें 11 करोड़ रुपये का भुगतान करते हुए अपनी दूसरी पसंद के रूप में बरकरार रखा। अगले दो सीजन में, हार्दिक ने 762 रन बनाए और 29 मैचों में 32 विकेट लिए। वह चार बार (2015, 2017, 2019 और 2020) खिताब के विजेता हैं।
राशिद को मिलने वाले हैं 15 करोड़
राशिद खान दोनों नई फ्रेंचाइजी (अहमदाबाद, लखनऊ) के ड्रॉफ्ट में शामिल थे। हालांकि अहमदाबाद ने राशिद खान को उनकी पिछली सैलरी से 6 करोड़ ज्यादा देकर अपनी टीम में शामिल करने का फैसला किया है। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए राशिद 9 करोड़ की सैलरी ले रहे थे। हालांकि दिसंबर में हैदराबाद ने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20 स्पिनर को रिलीज कर दिया था। 2017 में सनराइजर्स ने राशिद को 4 करोड़ रुपये में खरीदा और एक साल बाद उन्होंने उन्हें 9 करोड़ में रिटेन किया। गौरतलब है कि, राशिद ने अपने पदार्पण के बाद से सनराइजर्स द्वारा खेले गए सभी 76 मैचों में 6.33 की इकॉनमी रेट से 93 विकेट लिए। केवल जसप्रीत बुमराह ने पिछले पांच आईपीएल सीजन में राशिद से अधिक विकेट (104) लिए हैं।
शुभमन गिल
भारतीय टीम के उभरते हुए युवा बल्लेबाज शुभमन गिल कोलकाता नाइट राइडर्स टीम का हिस्सा थे। हालांकि कोलकाता द्वारा रिलीज किए जाने के बाद वह अहमदाबाद की टीम में बड़ी सैलरी उठाएंगे। शुभमन गिल ने 58 मैचों में 31.48 की औसत से 1,417 रन बनाए हैं। यह आईपीएल में उनकी दूसरी टीम होगी। कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2018 की नीलामी में 1.8 करोड़ रुपये में खरीदा था। अहमदाबाद में वह 7 करोड़ रुपये में आएंगे।
