हल्द्वानी: विधवा महिला से रेप और उसकी नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ के आरोप में फंसे बीजेपी के पूर्व नेता मुकेश बोरा को लेकर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि आरोपी किसी कीमत पर नहीं बचेगा. उसके घर की कुर्की तक हो चुकी है. पुलिस भी अपना काम कर रही है.
महेंद्र भट्ट ने दावा किया है कि पुलिस जल्द ही आरोपी मुकेश बोरा को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाएंगी. बता दें कि नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व बीजेपी नेता मुकेश बोरा पर महिला ने रेप का आरोप लगाया है. इसके अलावा महिला ने मुकेश बोरा पर उसकी नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. पुलिस मुकेश बोरा के खिलाफ रेप और पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चुकी है. मुकेश बोरा फिलहाल फरार है. कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने कल शुक्रवार 20 सितंबर को मुकेश बोरा के घर की कुर्की भी की थी.
वहीं, मुकेश बोरा ने गिरफ्तारी के बचने के लिए उत्तराखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन हाईकोर्ट से भी आरोपी मुकेश बोरा को कोई राहत नहीं मिली है. वहीं पहली बार मुकेश बोरा को लेकर बीजेपी के बडे़ नेता का बयान आया है. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने साफ किया है कि मुकेश बोरा को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा.
