कुमाऊं विवि के बीएड कालेजों में एडमिशन को लेकर मंगलवार को आनलाइन विकल्प चयन की प्रक्रिया पूरी हो गई। विकल्प भर चुके अभ्यर्थियों को 18 से 25 नवंबर तक कालेजों का आवंटन किया जाएगा। अब तक 3719 अभ्यर्थियों ने विकल्प दे दिया है।
कुमाऊं विवि के अधीन नैनीताल व ऊधम सिंह नगर जिले में बीएड के 40 कालेज हैं। इन कालेजों में एमबी कालेज हल्द्वानी व लाल बहादुर शास्त्री कालेज हल्दूचौड़ में बीएड सरकारी कोटे की 50-50 सीटें हैं जबकि अन्य कालेजों में स्ववित्त पोषित, प्रबंधन, स्टेट कोटा, एनआरआइ कोटा की सीटें हैं।
प्राइवेट बीएड कालेज में स्टेट कोटे की सीटें 50 प्रतिशत, प्रबंधन कोटे की 40 प्रतिशत, एनआरआइ की दस प्रतिशत सीटें हैं। यहां ईवीएस कोटे की दस सीटें आरक्षित हैं। कुलसचिव दिनेश चंद्रा ने बताया कि आनलाइन विकल्प भरने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब 18 नवंबर से अभ्यर्थियों को कालेजोें का आवंटन किया जाएगा।
अब नहीं आती सिफारिशें
बीएड को लेकर अभ्यर्थियों का क्रेज अब पहले की अपेक्षा कम हो गया है। एक दशक पहले तक एक एक सीट के लिए अभ्यर्थियों में मारामारी रहती थी। अब निजी बीएड कालेज तो विकल्प भरने वाले अभ्यर्थियों से व्यक्तिगत संपर्क कर सीटें भर रहे हैं।
सीटों से कम अभ्यर्थी होने की वजह से प्रवेश भी मनमाफिक कालेज में मिल रहा है। अल्मोड़ा विवि बनने के बाद बीएड पाठ्यक्रम से कुमाऊं विवि की आय भी कम हो गई है। अब बीएड कालेज में दाखिले के लिए माननीयों की सिफारिश भी नहीं आती।
कुमाऊं विवि सेमेस्टर परीक्षा का रिजल्ट आया
कुमाऊं विवि ने मंगलवार को मुख्य सम सेमेस्टर परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। कुलसचिव दिनेश चंद्रा ने बताया कि एमएससी वनस्पति विज्ञान चतुर्थ सेमेस्टर, एमएससी वानिकी चतुर्थ सेमेस्टर, एम फार्मा चतुर्थ सेमेस्टर, एमए शिक्षा शास्त्र द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया है। एमए द्वितीय सेमेस्टर शिक्षा शास्त्र के प्रयोगात्मक परीक्षा अंक नहीं मिल पाने के कारण सम्राट पृथ्वीराज चौहान महाविद्यालय काशीपुर का रिजल्ट रोका गया है। परीक्षाफल विवि की वेबसाइट में अपलोड किया गया है।
