ज्वालापुर क्षेत्र में एक सिरफिरे ने युवती के घर घुसकर उसकी मां और दादी पर चाकू से हमला कर दिया। पीड़िता ने इस संबंध में आरोपी के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कराया है। घटना 19 अगस्त की बताई जा रही है। क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ रहती है। उसकी जान पहचान चार साल से संजू निवासी रावली महदूद सिडकुल से थी।
आरोप है कि संजू लगातार उसे तंग करता है और जबरन अपने साथ चलने की धमकी देता है। 19 अगस्त को संजू उसके घर जबरन घुस आया और साथ न चलने से खिन्न होकर उसकी मां और दादी पर चाकू से हमला कर दिया। यही नहीं वह उसकी बेटी को जबरन ले जाने का प्रयास करने लगा। मोहल्लेवासियों के एकत्र होने पर वह फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
