महागठबंधन की नई सरकार में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री तो तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री बन गए हैं। अब विपक्ष तेजस्वी यादव से सवाल पूछ रहा है कि राज्य में 10 लाख नौकरी देने वाले वादे का क्या हुआ? तेजस्वी ने एक न्यूज चैनल के साथ बातचीत के दौरान कहा कि हां! हमने वादा किया था कि बिहार का मुख्यमंत्री बनते ही पहला फैसला नौकरियां देने का होगा। अभी मैं राज्य का डिप्टी सीएम हूं।
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि दस लाख नौकरियों को लेकर मैंने सीएम नीतीश कुमार से बातचीत की है। गौरतलब है कि 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान तेजस्वी यादव ने चुनावी कैंपेन में 10 लाख नौकरी देने का वादा किया था।
इसके पहले तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में जो कुछ हुआ है उससे गरीबों के चेहरे पर मुस्कान आई है। वे प्रसन्न हैं। बिहार से परिवर्तन की लहर देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचेगी और भाजपा का रथ रोका जाएगा। पूरे देश में अब भाजपा का अवसान शुरु होगा। बिहार में उनकी सरकार आम लोगों के कल्याण और विकास की योजना पर फोकस करेगी। बेरोजगारों को बड़ी संख्या में नौकरी दी जाएगी और नागरिकों की बुनियादी सुविधाओं पर गंभीरता से काम होगा।
