महिलाओं को बनाते थे चेन स्नेचिंग का टारगेट, 3 गिरफ्तार-1 प्लास्टिक इंजीनियरिंग का डिप्लोमाधारक

महिलाओं को बनाते थे चेन स्नेचिंग का टारगेट, 3 गिरफ्तार-1 प्लास्टिक इंजीनियरिंग का डिप्लोमाधारक

हरिद्वार शहर के अलग-अलग क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए कनखल पुलिस ने तीन आरोपी दबोचे हैं। चेन स्नेचिंग के अलावा गैंग ने वाहन चोरी और मोबाइल फोन झपटमारी की घटनाओं को भी अंजाम दिया था। आरोपियों के कब्जे से चोरी के तीन दोपहिया वाहन, चार चेन और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

डीआईजी-एसएसपी डॉ योगेंद्र सिंह रावत ने पुलिस टीम को 25 हजार का नगद इनाम देने की घोषणा की है। थाना कनखल कैंपस में मंगलवार को डीआईजी-एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि चार अगस्त को विनीता निवासी कोटद्वार के गले से उस वक्त प्रेमनगर आश्रम चौक के पास से चेन झपट ली गई थी जब वह बहादराबाद जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थीं।

प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान की अगुवाई में आरोपी की धरपकड़ के लिए टीम गठित की गई थी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर सोमवार देर शाम बैरागी कैंप में घुड़सवार पुलिस लाइन के पास बिना नंबर के स्कूटर पर सवार तीन युवकों को पुलिस टीम ने दबोच लिया। थाने लाकर की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कुलदीप पुत्र बीरबल सिंह, विशाल पुत्र राजेंद्र सिंह निवासीगण ग्राम रघुनाथपुर मंडावर जिला बिजनौर यूपी एवं सचिन पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम महाराजपुर लक्सर बताए।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने स्कूटर ज्वालापुर क्षेत्र से चोरी किया है, जिनके कब्जे से लूटी गई चेन बरामद हुई। आरोपियों की निशानदेही पर रावली महदूद सिडकुल से मुजफ्फरनगर एवं बिजनौर से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, कनखल, ज्वालापुर एवं रानीपुर से झपटी गई सोने की चेन-लॉकेट एवं कनखल-ज्वालापुर से सरेराह छीने गए कई मोबाइल फोन बरामद किए गए।

प्लास्टिक इंजीनियरिंग में डिप्लोमाधारक है एक आरोपी

एसएसपी ने बताया कि प्लास्टिक इंजीनियरिंग में डिप्लोमाधारक कुलदीप सिडकुल की एक फैक्ट्री में कार्यरत है जबकि अन्य दोनों आरोपी एक कंपनी में ठेकेदारी प्रथा के तहत कार्यरत है। महंगे शौक को पूरा करने की खातिर चोरी एवं झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *