भारत-चीन बॉर्डर पर 17 दिनों से अरुणाचल प्रदेश में चीन सीमा से लापता चल रहे अंबीवाला के सैनिक नायक प्रकाश राणा के नदी के बहने की सूचना मिली है। जबकि, दूसरे सैनिक की अभी तक कोई खबर नहीं है। सेना की ओर से यह जानकारी सैनिक की पत्नी को दी गई। लेकिन सैनिक की पत्नी को इस पर विश्वास नहीं हो रहा है।
उनका कहना है कि उनको सच्चाई नहीं बताई जा रही है। नायक प्रकाश राणा मूल रूप से रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ ब्लॉक के चिलोना गांव के रहने वाले हैं। अंबीवाला के सैनिक कॉलोनी निवासी नायक प्रकाश राणा 7वीं गढ़वाल राइफल्स में तैनात हैं। उनकी तैनाती अरुणाचल प्रदेश में चीन सीमा से लगी ढोकला पोस्ट पर है।
किसी जवान ने उनको बहते हुए देखा है। ममता ने बताया कि शनिवार रात फिर से सेना से फोन आया है। उन्हें फिर से बताया गया कि उनके पति नदी में बहे हैं, दूसरे सैनिक हरेंद्र उनको बचाने के लिए गए थे और वह भी बह गए। उनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चल रहा है। ममता देवी का कहना है कि उन्हें इस पर विश्वास नहीं हो रहा है। यदि उनके पति 28 मई को बह गए थे और किसी सैनिक ने बहते हुए देखा है तो उनको दस दिन बाद सूचना क्यों दी गई।
जवान हरेंद्र नेगी के परिजन बेहद चिंतित: सातवीं गढ़वाल रायफल्स में तैनात तुलंगा गांव निवासी सैनिक हरेंद्र नेगी के लापता होने की सूचना मिलने के बाद उनके परिजन काफी चिंतित है। हालांकि उन्हें उम्मीद है उनका बेटा जल्दी सकुशल घर वापस आ जाएगा। हरेंद्र के चाचा मातबर सिंह ने बताया कि, हरेंद्र छह महीने पहले छुट्टी पर घर आया था। उधर, हरेंद्र के माता-पिता के साथ ही पत्नी भी परेशान हैं।
