देहरादून रोड से हटाया अतिक्रमण

देहरादून रोड से हटाया अतिक्रमण

नगर निगम की टीम ने सोमवार को देहरादून रोड पर पुलिस बल के साथ अतिक्रमणरोधी अभियान चलाया। इस दौरान घंटाघर के निकट स्थित अनेक दुकानदारों द्वारा किया अतिक्रमण हटाकर सामान जब्त किया गया। साथ ही गंदगी फैलाने वाले पांच दुकानदारों पर जुर्माना लगाया। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर प्रवर्तन दल प्रभारी रि. कर्नल बीएस नेगी के नेतृत्व में नगर निगम का अतिक्रमण रोधी दस्ता जेसीबी लेकर देहरादून चौक पहुंचा तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अनेक दुकानदारों ने आनन-फानन में सड़क पर रखा अपना सामान दुकान के भीतर फेंककर अपने को कार्रवाई से बचाया। अभियान के दौरान घंटाघर के निकट मस्जिद के पास ढाबे और खोखों सहित आधा दर्जन दुकानों का अतिक्रमण हटाया गया तथा सड़क पर फैला कर रखा गया एक दुकानदार का सामान जब्त किया गया। अतिक्रमण के लिए एक दुकानदार पर जुर्माना, जबकि पांच दुकानदारों पर गंदगी फैलाने के लिए सौ-सौ रुपये का जुर्माना किया गया। इस दौरान सड़क पर खड़ा एक क्षतिग्रस्त बिजली का पोल भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस उप निरीक्षक गजेंद्र सिंह, राजस्व निरीक्षक सुशील कुमार, सफाई निरीक्षक अमरीश कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *