भाजपा नेता किशोर उपाध्याय के भाई सचिन उपाध्याय की पत्नी नाजिया यूसुफ को कोच्चि हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया गया है। जालसाजी की आरोपी नाजिया के खिलाफ पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी किया था। एयरपोर्ट अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि वह विदेश भागने की फिराक में थी और जांच के दौरान पकड़ी गई। देहरादून पुलिस उसे लाने के लिए कोच्चि रवाना हो गई है।
नाजिया यूसुफ राजपुर थाने में दर्ज एक मुकदमे में साल 2017 से फरार चल रही थी। उस पर पुलिस ने एक हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। यह मुकदमा दिल्ली निवासी मुकेश जोशी की शिकायत पर दर्ज किया गया था। मुकेश जोशी सचिन उपाध्याय का पार्टनर था। उसने आरोप लगाया था कि उपाध्याय और उसकी पत्नी नाजिया यूसुफ ने उनकी जमीन को धोखाधड़ी से खुर्दबुर्द कर दिया है। साथ ही इस पर कई बैंकों से लोन भी ले लिया है। यह संपत्ति 26 करोड़ रुपये की बताई गई थी। साल 2019 में इस मुकदमे में पुलिस ने एफआर लगा दी थी।
